UNNAO NEWS


मां बोली, बेटे को साथियों ने मार डाला

Story Update : Monday, December 19, 2011    12:01 AM
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। बांगरमऊ थानाक्षेत्र के रूरी सादिकपुर गांव निवासी सुनील रैदास की मौत को उसकी मां ने हत्या बताते हुए साथियों पर आरोप लगाया है। हत्या के पीछे क्या वजह रही वह यह नहीं बता पाई। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने मृतक की मां के आरोपों के निराधार बताया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मालूम हो कि बांगरमऊ थानाक्षेत्र के रूरी सादिकपुर गांव निवासी सुनील रैदास (28) पुत्र बाबूलाल रैदास इसुनियां गांव में स्थित ईंट भट्ठा पर ट्रैक्टर चालक था। गांव के भट्ठा के मुनीम सर्वेश, रमाकांत और रमाकांत के साले गुड्डू से उसकी काफी दोस्ती थी। अपने इकलौते बेटे की मौत से दुखी मां गुड्डी देवी ने आरोप लगाया कि उसका बेटा टड़वा गांव निवासी फैमुद्दीन का ट्रैक्टर चलाता था। गुड्डी के मुताबिक रात दस बजे सुनील ने अपनी पत्नी शांती के मोबाइल पर फोन किया और बताया कि सर्वेश, रमाकांत और गुड्डू ने उसे पकड़ रखा है और वह उसे मार डालेंगे। मां के मुताबिक बांगरमऊ कोतवाली पुलिस भट्ठा संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने से कतरा रही और इसी लिए वह हत्या को दुर्घटना बता रही है। उसने बताया कि अगर कोतवाली पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो वह पुलिस के आला अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचाएगी। वहीं दूसरी ओर बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी लक्ष्मण राय ने हत्या के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि सुनील और उसके साथियों ने तकिया में जमकर शराब पी इसके बाद सादिकपुर मार्ग पर ट्यूबवेल के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंती में पलट गया जिससे उसे चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना मौत का मामला दर्ज किया गया है।
amar ujala news


दो सैकड़ा विद्यालयों में नहीं बन रहा मिड-डे मील

Story Update : Tuesday, December 13, 2011    12:23 AM
उन्नाव। सपा विधायकों ने सिकंदरपुर सरोसी के दो सैकड़ा विद्यालयों में मिड-डे मील न बनने की शिकायत बेसिक शिक्षाधिकारी से की। विधायकों का आरोप था कि खंड शिक्षाधिकारी ने कन्वर्जन कास्ट और खाद्यान्न देने में धांधली की। दो माह से विद्यालयों में एमडीएम न बनने से करीब पांच लाख रुपए का हेरफेर किया गया।
सदर विधायक और पुरवा विधायक उदयराज यादव ने सिंकदरपुर सरोसी के कई ग्रामों के प्रधानों के साथ बीएसए कार्यालय पहुंचे। यहां पर विधायकों ने बेसिक शिक्षाधिकारी राजेश कुमार वर्मा से बताया कि सिकंदरपुर के सभी गांवों में दो माह से मिड-डे मील नहीं बन रहा है। जिससे बच्चों को दोपहर का भोजन नहीं मिल पा रहा है। विधायकों ने खंड शिक्षाधिकारी पर आरोप लगाया कि उन्होंने कन्वर्जन कास्ट और खाद्यान्न देने में धांधली की। जिससे बच्चों को मिड-डे मील नहीं मिल पाया। इसको लेकर काफी देर तक बीएसए कार्यालय में हो-हल्ला होता रहा। ग्राम प्रधानों ने भी इसी तरह के आरोप लगाए। बीएसए ने बताया कि उनकी जानकारी में केवल 3-4 स्कूलों में मिड-डे मील बनता नहीं पाया गया जिस पर संबंधित स्कूलों के शिक्षकों व अन्य के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उधर ग्राम पंचायत लखनापुर के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले नौनिहालों को करीब एक माह से मध्यान्ह भोजन नहीं दिया जा रहा है। गांव के दिनेश कुमार, सरबजीत, इन्द्रपाल, सुरेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायतीपत्र देकर कहा कि शिक्षामित्र बताते हैं कि राशन उपलब्ध नहीं है। एक माह में मात्र 10 दिन दिया जाता है उसमें खिचड़ी के रूप में चावल व नमक ही खाने को दिया जाता है।

AMAR UJALA NEWS

चारों सीटों पर मानमनौव्वल का दौर शुरू

Story Update : Tuesday, December 13, 2011    12:21 AM
उन्नाव। जनपद की चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा को लेकर वरिष्ठ कांग्रेसजनों में उभरा असंतोष दबाने के प्रयास शुरू हो गये हैं। जिला अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह ने साथियों के साथ क्षेत्रवार नाराज नेताओं को मनाने का काम शुरू कर दिया है।
बांगरमऊ, पुरवा, सफीपुर (सु) और मोहान (सु) विधान सभा सीट पर कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। पर उन्नाव सदर और भगवंत नगर सीट पर प्रत्याशी की घोषणा अभी तक बाकी है। टिकट वितरण पर असंतोष से उन्नाव जनपद भी नहीं छूटा है। यहां पर सांसद अन्नू टंडन और उनके विरोधी खेमे में तलवारें खिंची हैं।
लखनऊ में राहुल गांधी की बैठक से नसीहत लेकर लौटे नेताओं ने असंतुष्टों को संतुष्ट करने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। यहां पर अब तक की तस्वीर इस प्रकार है। बांगरमऊ में अधिकृत रूप से घोषित प्रत्याशी अशोक सिंह बेबी को आरती वाजपेयी व उनके समर्थक परेशान किये हैं। आरती खुद कहती हैं कि सिम्बल एलाट होने तक वह बांगरमऊ से टिकट हासिल करने का प्रयास करती रहेंगी। इसी प्रकार पुरवा में डा.एमएच खान का टिकट कटवाने के लिए सीएल यादव, राजकुमार लोधी आदि कांटे बोने में जुटे हैं। सफीपुर (सु) में मनीष कुरील के लिए हर प्रसाद को सेट करना ही जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं को मुश्किल हो रहा है। यही हाल मोहान (सु) विधान सभा क्षेत्र का है जहां पर प्रत्याशी रामखेलावन पर काम लगाने के लिए शंकर लाल गौतम, मीना रावत आदि नेता लगे हैं।
जिला अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह का कहना है कि बांगरमऊ में बेबी बनाम आरती का विवाद थोड़ा मुश्किल दिखता है। पर बाकी सीटों पर बातचीत चल रही है। परस्पर विरोधी खेमे को बैठाकर समझाबुझा लिया जाएगा।

.

वफादारी के सबूत को एचआईवी की अग्निपरीक्षा

Story Update : Friday, December 02, 2011    12:19 AM
अनुराग मिश्रा AMAR UJALA NEWS
उन्नाव। परदेस से कमाई कर लौटने वाले पतियों को अपनी वफादारी का सबूत एचआईवी टेस्ट से गुजर कर देना पड़ रहा है। ऐसा एड्स लेकर लौटने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शुरू हुआ है। खास बात यह कि पत्नी का विश्वास हासिल करने के लिए पत्नी के एक बार कहने पर ही पति जिला अस्पताल पहुंचकर परीक्षण करवा रहे हैं। कई साल तक परदेस में रहकर लौट रहे पतियों को अपनी वफादारी का सबूत देना पड़ रहा है। एचआईवी टेस्ट से वफादारी का प्रमाण देने वाले पतियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल के आईसीटीसी सेंटर पर इनकी संख्या बढ़ी है।
आईसीटीसी (एकीकृत परामर्श एवं प्रशिक्षण केंद्र) में चालू साल 10 पुरुष ऐेसे मिले जिनमें एचआईवी के लक्षण पाए गए हैं। ये सभी परदेस से लौटे हैं। हालांकि चालू साल में अक्तूबर तक 1895 में से 54 एचआईवी संक्रमित पाए गए हैं जिनमें 46 पुरुष और आठ महिलाएं हैं। वह आईसीटीसी सेंटर के परामर्श पर रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की दवा खा रहे हैं। सेंटर के काउंसलर पंकज कुमार इसे जागरूकता के प्रयासों का नतीजा मानते हैं। उन्होंने बताया कि एचआईवी से बचने के तरीके जानने और लक्षण पाए जाने पर इलाज कराने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि एचआईवी टेस्ट कराने में संकोच और शर्म की दहलीज लांघ रहे हैं। कुछ मामलों की बानगी इस प्रकार है।

केस नंबर 01
पत्नी की अग्नि परीक्षा ने रिश्तों में घोली खुशियां
चार साल पहले बहरीन गया शहर के सिविल लाइंस मोहल्ला निवासी मुकेश (नाम काल्पनिक) मार्च में लौटकर आया। उनके प्रति उनकी बीवी का नजरिया बदला हुआ था। रिश्तों में दरार पड़ते देख उसने पत्नी का शक दूर करने को ठानी। पत्नी को साथ ही लेकर वह आईसीटीसी सेंटर गया और एचआईवी टेस्ट कराया। वह पत्नी द्वारा ली गई अग्नि परीक्षा में पास हो गया। अपने पति की वफादारी का सबूत मिला तो उनके दांपत्य जीवन में और मिठास घुल गई।


केस नंबर 02
काश सच न होता पत्नी का शक
सफीपुर का जुनेद (नाम काल्पनिक) मुंबई में टैक्सी ड्राइवर है। वह लगातार एक साल तक घर नहीं आया। उसे यकीन था कि वह वफादार है। पत्नी के शक को गलत साबित करने के लिए उसने अपना टेस्ट कराया मगर बदकिस्मती से उसे निराशा हाथ लगी। काउंसलर ने तह तक जाने के लिए तमाम सवाल जवाब किए तो पता चला कि मुंबई के किसी प्राइवेट डाक्टर की नासमझी ने उसे जिंदगी भर का जख्म दे दिया। बीमार होने पर उसने बाजार से जो खून चढ़वाया उसी के जरिये एचआईवी वायरस उसके शरीर में आया। हालांकि डाक्टर उसे दवा दे रहे हैं और वह सामान्य जीवन जी रहा है।

वालमार्ट के विरोध में नहीं उठे शटर

SOURCE BY AMAR UJALA NEWS
बांगरमऊ (उन्नाव)। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित बहुराष्ट्रीय कंपनियों के खुदरा व्यापार के विरोध में गुरुवार नगर के व्यापारी सड़कों पर उतर आए।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रविकांत गुप्त के नेतृत्व में नौनिहालगंज बाजार के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में ताला डालकर विरोध दर्शाया। इसके उपरांत बाजार में सभाकर वालमार्ट तथा केंद्र सरकार की व्यापारी विरोधी नीतियों को जमकर कोसा। सभा में रामप्रकाश गुप्ता, सुरेश गुप्ता, सरफराज खां, जैशंकर गुप्ता, हरीलाल गुप्ताव सुल्तान सिद्दीकी व गयासुद्दीन गौसी आदि व्यापारियों ने भाग लिया। इसी कड़ी में स्थानीय केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह की अगुवाई में करीब आधा सैकड़ा मेडिकल स्टोर स्वामियों ने वालमार्ट का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस मौके पर फूलचंद्र, सुधीर श्रीवास्तव, मनीष सिंह चंदेल, शंकरबक्स सिंह, छंगा गुप्त, शरद अग्रवाल, राम कनौजिया व महताब आदि व्यापारी मौजूद रहे। इसी तरह सपा युवजन सभा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राहुल शुक्ल के नेतृत्व में सुबह करीब एक सैकड़ा युवा कार्यकर्ता एकत्र हुए। जिन्होंने केंद्र सरकार के विदेशी खुदरा व्यापार बिल को लेकर हरदोई-उन्नाव मार्ग पर प्रदर्शन व केंद्र सरकार का पुतला फूंका। विरोध प्रदर्शन में आशीष सिंह, शैलेंद्र सिंह, अमित यादव, छोटे यादव, फिरोज खां, मोहम्मद, दानिश तथा यासीन आदि मौजूद रहे।

दोहरे हत्याकांड का खुलासा जल्द करें-एसपी

Story Update : Saturday, November 26, 2011    12:17 AM
पाटन (उन्नाव)। पहाड़पुर गांव में चार माह पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा पुलिस आज तक नहीं कर सकी। अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ने बीघापुर थानाध्यक्ष को आड़े हाथों लिया। सख्त लहजे में उन्होंने घटना का जल्द से जल्द से खुलासा करने के निर्देश जारी किए।
मालूम हो कि बीघापुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर सुबस गांव में 19 जुलाई को विधवा मां व बेटी की हत्या कर दी थी। उसके बाद हत्यारों ने घर में रखे लाखों रुपए के जेवरात लेकर फरार हो गए थे। मृतका के बड़े बेटे बाबू ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस दोहरे हत्याकांड में खुलासे के करीब पहुंच चुके तत्कालीन थाना प्रभारी एके श्रीवास्तव का अचानक तबादला किया जाना लोगों में आज भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि पुलिस खुद ही घटना का खुलासा नहीं करना चाहती है। यदि पुलिस की इच्छा खुलासे की होती तो तत्कालीन थाना प्रभारी को न हटाया जाता। क्राइम मीटिंग में इस मामले को लेकर पुलिस कप्तान के तल्ख तेवर को देखकर जल्द ही खुलासे की उम्मीद की जा रही है।

JANTA TV

Watch live streaming video from jantatv at livestream.com

Famous Posts

Followers