मुंबई.
नवजोत सिंह सिद्धू रियलिटी शो 'बिग बॉस' से बाहर आ गए हैं? वह भी तय प्रक्रिया पूरी किए बिना! उन्हें भाजपा के बुलावे पर शो छोड़ना पड़ा है? अगर ऐसा है तो क्या 'बिग बॉस' के रियलिटी शो होने का दावा 'फेक' है? ये सवाल इसलिए उठ रहे हैं कि शुक्रवार को प्रसारित शो में जो प्रोमो दिखाया गया, उससे सिद्धू के बाहर निकलने के संकेत मिल रहे हैं। सिद्धू विदाई लेते दिखाए गए। अभी कुछ ही दिन पहले सिद्धू की पत्नी ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा था कि भाजपा चाहती है कि सिद्धू गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए आएं। उन्होंने यह भी बताया था कि एक-दो दिन में सिद्धू शो से बाहर आ जाएंगे। हालांकि भाजपा इस बात से इनकार कर रही है कि पार्टी की ओर से सिद्धू को शो से बुलाने के लिए कहा गया है।
लेकिन चैनल ने सिद्धू की पत्नी की तरफ से किए गए अनुरोध (पति को बाहर भेजने) की पुष्टि की और कहा कि पार्टी में अपनी जिम्मेदारियों के चलते सिद्धू को शो से बाहर जाना पड़ रहा है।
लेकिन रियलिटी शो से यदि किसी प्रतिभागी को इस तरह बाहर आना पड़े तो फिर शो के 'रियल' होने के दावों पर सवाल जरूर खड़े होते हैं? वैसे, शो से बाहर आने की प्रक्रिया के तहत घर के लोग अपने बीच में से प्रतिभागियों को नॉमिनेट करते हैं। सर्वाधिक नॉमिनेशन और जनता के एसएमएस के आधार पर अंतिम रूप से प्रतियोगी को बाहर किया जाता है। इस सप्ताह संपत पाल (देखें पूल में नहाती संपत को) घर से बाहर हुई हैं।
भाजपा इस मसले पर खुलकर नहीं बोल रही है। बीजेपी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने हैरानी जताते हुए कहा कि पार्टी सिद्धू को क्यों टीवी शो से बाहर आने के लिए कहेगी? उन्होंने यह भी कहा कि यह पार्टी के लिए अहम मसला नहीं है।
माना जा रहा है कि सिद्धू को एकाएक शो से निकालने के पीछे उनकी पार्टी भाजपा का हाथ है जो शो में अपने सांसद की खराब होती इमेज से नाखुश थी। सिद्धू ने हाल में शो के दौरान अपने क्रिकेट कॅरियर से जुड़ा बड़ा खुलासा किया था। इसके अलावा शो की एक प्रतिभागी सपना भावनानी से सिद्धू की बढ़ती करीबी भी पार्टी को अच्छी नहीं लगी।
सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने शो का प्रसारण करने वाले चैनल से अपील की कि वह सिद्धू को शो से बाहर कर दें ताकि वो गुजरात विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार कर सकें। सिद्धू की गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी से करीबी बताई जाती है। ऐसे में मोदी चाहते हैं कि सिद्धू चुनाव में उनके लिए प्रचार करें।
0 comments:
Post a Comment